home page

मुख्य सचिव ने देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों से किया संवाद

 | 
मुख्य सचिव ने देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों से किया संवाद


देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में भारत भ्रमण पर निकले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मेहनत, तकनीक के सदुपयोग और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

मुख्य सचिव ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। विद्यार्थियों की उपलब्धि उनकी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज तकनीक तेजी से बदल रही है, इसलिए विद्यार्थियों को स्वयं को अपडेट रखने के साथ तकनीकी रूप से सक्षम बनना जरूरी है। प्रतिस्पर्धा अब केवल गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के बीच है।

उन्होंने मोबाइल फोन और तकनीक के उपयोग में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि तकनीक के फायदे के साथ उसके दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं। विद्यार्थियों को इसका सदुपयोग करना चाहिए। किसी परेशानी या गलती की स्थिति में माता-पिता और गुरुजनों से बात करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण बातें अभिभावकों से नहीं छिपानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और मित्रों का चयन सोच-समझकर करने की सलाह दी।

उन्होंने पढ़ाई के साथ संगीत, खेल अथवा अपनी रुचि की अन्य गतिविधियों को हॉबी के रूप में विकसित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जीवन में संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर उस पर पूरा फोकस रखने और स्वयं पर भरोसा करने का आह्वान किया। भारत भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए नई जगहों, संस्कृतियों और लोगों को जानने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उन्होंने यात्रा के दौरान नए अनुभव हासिल करने की बात कही।

मुख्य सचिव ने विधायक विनोद कंडारी की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी पहल अन्य क्षेत्रों में भी शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी विद्यालयी और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को भारत भ्रमण कराने के प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, ज्योति यादव, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, अपर सचिव नमामि बंसल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं देवप्रयाग क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय