home page

मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले को 96.71 करोड़ रुपये की योजनाओं की दी सौगात

 | 
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले को 96.71 करोड़ रुपये की योजनाओं की दी सौगात


नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद के भीमताल के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में नैनीताल जिले के लिए 96 करोड़ 71 लाख रुपये लागत की 13 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट कर संगठन को सशक्त बनाने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से वार्ता में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सेना के शौर्य और पराक्रम पर प्रश्न उठाने वाले राहुल गांधी को देश में कोई गंभीरता से नहीं लेता है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए नई सड़कों एवं वैकल्पिक मार्गों का विकास किया जा रहा है, जिससे शीघ्र राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम, कैंची धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। लोकायुक्त की नियुक्ति के संबंध में उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और राज्य को शीघ्र नया लोकायुक्त मिलेगा। विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने हिमालय, गंगा और यमुना जैसे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सामूहिक दायित्व बताया तथा कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण भावी पीढ़ियों के लिए सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा के कार्यों के आधार पर प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी