चारधाम यात्रा : 15 अप्रैल तक सभी सड़कें होंगी दुरुस्त, वैकल्पिक मार्ग भी रहेंगे चालू
देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। राज्य के लोक निर्माण, पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए 15 अप्रैल तक सभी मार्गों को दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिए हैं।
मंत्री महाराज ने बताया कि यात्रा मार्ग पर चिन्हित कमियों को दूर करने के लिए नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रदेश में कुल 207 भूस्खलन जोन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 88 स्लोप का ट्रीटमेंट पूरा हो चुका है, जबकि 119 पर कार्य अंतिम चरण में है। यमुनोत्री और केदारनाथ मार्ग को सबसे संवेदनशील माना गया है। मंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर 45 डेंजर जोन में से 22 पर युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर सड़क, पानी, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और ट्रैफिक प्रबंधन को चाक-चौबंद रखा जा रहा है। ऑल वेदर रोड का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।
महाराज ने बताया कि यात्रा मार्ग पर क्यूआर कोड और साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को रियल टाइम जानकारी मिल सके। साथ ही व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से जाम, भीड़ और आपात स्थिति की सूचना तुरंत यात्रियों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी वैकल्पिक मार्गों को भी दुरुस्त कर चालू रखा जा रहा है,ताकि मुख्य मार्ग बाधित होने की स्थिति में यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। इसके अलावा नई सुरंगों और बाईपास का निर्माण भी तेजी से पूरा किया गया है, जिससे यात्रा और अधिक सुगम होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

