मुर्गा ढोने वाले वाहन की आड़ में चरस तस्करी
नैनीताल, 18 जून (हि.स.)। नैनीताल जनपद की भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की संयुक्त कार्यवाही में मुर्गा ढोने वाले वाहन की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का अनावरण करते हुए 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गयी है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर एक बोलेरो पिकअप और एक अल्टो कार सीज की है, जबकि एक अन्य आरोपित फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाये जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल जगदीश चंद्र तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में भीमताल के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव और एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट के प्रभारी निरीक्षक पवन स्वरूप के नेतृत्व में टीम ने खुटानी बैंड के पास सोना मटन चिकन शॉप के सामने लाल रंग की अल्टो कार संख्या यूके04जी-3379 तथा उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप संख्या यूके04सीबी-3477 को रोककर जांच की।
इस दौरान पिकअप से एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग गया। तलाशी में बोलेरो चालक अख्तर हुसैन पुत्र कुर्बान अली निवासी ब्लॉक रोड मल्लीताल भीमताल के कब्जे से 2.683 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने अख्तर हुसैन तथा विजय बिष्ट पुत्र गंगा सिंह बिष्ट निवासी ग्राम सूपी थाना मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर थाना भीमताल में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है।
फरार आरोपित बच्ची राम की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। कार्यवाही में उप निरीक्षक महेंद्र राज सिंह, अपर उप निरीक्षक गणेश राणा, आरक्षी वीरेंद्र चौहान, प्रकाश चंद्र, नरेंद्र राणा तथा इशरार अहमद शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

