गढ़वाल कमिश्नर और आईजी ने लिया चारधाम यात्रा की तैयारियों का जायजा, की मां गंगा की पूजा
हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। गढ़वाल मंडल के कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय और आईजी राजीव स्वरूप ने शनिवार काे हरिद्वार पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी और एसएसपी हरिद्वार सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी हर की पैड़ी पहुंचे, जहां 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन की कामना के साथ मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। चारधाम यात्रा उत्तराखंड की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। प्रशासन द्वारा इस बार भी यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

