अंडर-14 कबड्डी प्रतियोगिता में चमोली और टिहरी की जीत से शुरूआत
नई टिहरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा विभाग की तीन दिवसीय शरदकालीन 24 वीं राज्य स्तरीय कबड्डी क्रीड़ा प्रतियोगिता मुनिकीरेती में शुरू हो गई है। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में प्रदेशभर की टीमें आपस में स्पर्धा करेंगी। मेजबान टिहरी ने शानदार शुरुआत की है।
बुधवार को पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम मुनिकीरेती में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कहा कि खेल जीवन में अनुशासन की भावना विकसित करते हैं। ऐसे में खिालड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए।
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी चक्रधर प्रसाद भद्री ने बताया कि बुधवार को खेले गए मुकाबलों में अंडर-14 बालक वर्ग में चमोली ने पिथौरागढ़ को 48-21, टिहरी ने अल्मोड़ा को 36-31, अंडर-17 वर्ग में टिहरी ने चमोली को 28-16, अंडर-19 वर्ग में उत्तरकाशी ने बागेश्वर को 28-16 जबकि रुद्रप्रयाग ने चंपावत को 50-6 से हराया।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, पूर्णानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजीत पाल रौथाण ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। सीईओ कमला बड़वाल, डीईओ माध्यमिक विजयपाल सिंह, बीईओ दीप्ति बडोनी, पूर्व अपर शिक्षा निदेशक शिव प्रसाद सेमवाल ने बताया कि 13 जनपदों की कुल 39 टीमें प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। कहा कि टिहरी जिला लगातार प्रदेश स्तरीय खेलों की मेजबानी करता आ रहा है।
इस मौके पर जिला समन्वयक विनोद नेगी, प्रांतीय अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा, अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनोज नेगी, ब्लॉक समन्वयक सुरेंद्र चौधरी, कमल नयन रतूड़ी, राजेंद्र प्रसाद डोभाल, राजपाल नेगी, दाताराम भट्ट, यशपाल रावत, दर्शन गुसाईं, शमशेर आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

