नैनीताल पहुंचे उक्रांद गोरखा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष, संगठन विस्तार पर हुई चर्चा
नैनीताल, 08 जून (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल के गोरखा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र गुरुंग संगठन की मजबूती एवं विस्तार के सिलसिले में सोमवार को नैनीताल पहुंचे। राज्य अतिथि गृह में उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत नगर पालिका परिषद नैनीताल के पूर्व अध्यक्ष श्याम नारायण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि गोरखा समुदाय का देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी इस समुदाय की उल्लेखनीय भूमिका रही है। श्याम नारायण ने कहा कि सुरेंद्र गुरुंग के नेतृत्व में गोरखा समाज उत्तराखंड क्रांति दल के मिशन परिवर्तन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सुरेंद्र गुरुंग ने स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह प्रदेश भ्रमण पर हैं और बड़ी संख्या में लोग उत्तराखंड क्रांति दल से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में दल का मिशन परिवर्तन सफल होगा। इस अवसर पर मनोज साह, देवी राई, दिलीप बिष्ट, भरत बिष्ट, पूजा, प्रदीप सिंह, पीयूष गुरुंग, सुनीता, अनीता, गणेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

