home page

उत्तराखंड को ग्रीन बोनस देने की घोषणा करे केंद्र सरकार: डॉ. जंतवाल

 | 
उत्तराखंड को ग्रीन बोनस देने की घोषणा करे केंद्र सरकार: डॉ. जंतवाल


नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व विधायक एवं पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन आज विश्व के समक्ष सबसे बड़ा संकट बन चुका है और इसके दुष्परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकीय संतुलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उत्तराखंड को ग्रीन बोनस दिया जाना चाहिए तथा केंद्र सरकार को इस दिशा में शीघ्र घोषणा करनी चाहिए।

डॉ. जंतवाल ने कहा कि वर्ष 1992 में ब्राजील में आयोजित अर्थ समिट में पर्यावरण संतुलित विकास के लिए अनेक संस्तुतियां की गयी थीं, लेकिन शक्तिशाली देशों के उदासीन रवैये के कारण पर्यावरणीय संकट लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यावरण और पारिस्थितिकी की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है, इसलिए यहां विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापक अध्यक्ष एवं विख्यात विज्ञानी डॉ. डीडी पंत के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के असंतुलित विकास का दुष्प्रभाव देश के बड़े भूभाग पर पड़ सकता है। डॉ. जंतवाल ने कहा कि राज्य का बड़ा क्षेत्र वनाच्छादित होने तथा वन एवं पर्यावरण संबंधी कानूनों के कारण अनेक विकास योजनाओं से प्रभावित रहता है, जबकि उत्तराखंड अपने हरित आवरण और प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से देश के पर्यावरण संरक्षण में अप्रतिम योगदान देता है।

उन्होंने कहा कि वित्त आयोग ने भी वन संरक्षण और पर्यावरणीय सेवाओं के लिए पर्वतीय राज्यों को अतिरिक्त धनराशि देने का सुझाव दिया था। ऐसे में पर्यावरण और राष्ट्रीय हित को देखते हुए उत्तराखंड को ग्रीन बोनस प्रदान किया जाना आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी