home page

ज्योलीकोट में जलजनित रोगों से दो की मौत, सीडीओ ने लापरवाही पर कार्रवाई के दिए निर्देश

 | 
ज्योलीकोट में जलजनित रोगों से दो की मौत, सीडीओ ने लापरवाही पर कार्रवाई के दिए निर्देश


नैनीताल, 07 सितंबर (हि.स.)। ज्योलीकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों से दो लोगों की मौत तथा बढ़ते मामलों को लेकर जनपद के मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलीकोट सहित गाजा, सरियाताल, छीड़ा और आसपास के गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बीमार लोगों का हाल जाना तथा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार की जानकारी ली।

सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक घर में जाकर रक्त और वायरस के नमूने लेने, लोगों को जागरूक करने तथा नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमार लोगों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय से उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाए। चिकित्सा दल एंबुलेंस के साथ क्षेत्र में लगातार मौजूद रहकर बीमार लोगों की निगरानी करेंगे और घर-घर दवाएं उपलब्ध कराएंगे।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने वीरभट्टी स्थित सीवरेज लाइन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चैंबर से हो रहे रिसाव तथा उसकी मरम्मत और स्थानांतरण कार्य की भी जानकारी ली और जल संस्थान को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था को लेकर उन्होंने जल संस्थान और पेयजल निगम को सभी जल स्रोतों की नियमित नमूना जांच और क्लोरीनीकरण कराने के निर्देश दिए।

पिछले तीन माह में पेयजल टैंकों, जल स्रोतों और घरों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने स्रोत से अंतिम घर तक पानी के नमूने लेकर जांच कराने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी परिवार को दूषित पानी की आपूर्ति न हो। दूषित पाए जाने वाले जल स्रोतों को तहसीलदार नैनीताल के माध्यम से सील करने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। जांच में जिस भी स्तर पर लापरवाही सामने आएगी, संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र पंचायत प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, ग्राम प्रधान बेलवाखान डॉ. बबीता मनराल, सीएमओ डॉ. रश्मि पंत, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधीक्षण अभियंता अशोक कटारिया, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान मनीष पिल्लई, तहसीलदार अक्षय भट्ट, चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी