नागरिक सुरक्षा को लेकर दून पुलिस का सघन अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ाई निगरानी
देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दून पुलिस ने मंगलवार तड़के से जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद डोभाल के निर्देशों पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों और पार्कों के आसपास निगरानी बढ़ाते हुए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
टीमों ने सुबह के समय मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों के अभिभावकों व कामकाजी महिलाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
अभियान के तहत स्कूली छात्राओं को महिला अपराधों के प्रति जागरूक किया गया तथा आत्मरक्षा के बुनियादी उपायों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और अजनबियों से सतर्क रहने के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने पार्कों एवं आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों की चेकिंग कर आवश्यक पूछताछ भी की। पुलिस द्वारा बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में दिन-रात सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान निरंतर जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

