कैबिनेट मंत्री आर्या ने सोमेश्वर क्षेत्र में सुनी जनसमस्याएं
अल्मोड़ा, 19 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या ने बुधवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के स्याहीदेवी मंडल अंतर्गत नौला, सल्ला रौतेला एवं बड़गल भट्ट गांवों में आयोजित जन मिलन कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों से कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया गया।
जनसमस्याओं को सुनते हुए कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर विधायक निधि से प्राथमिक विद्यालय में रेलिंग निर्माण, पेयजल लाइन बिछाने, सार्वजनिक स्थलों पर टीन शेड लगाने तथा गांव में भंडार कक्ष एवं पेयजल टैंक के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, पेयजल, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान एवं विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र से संबंधित जनहित की समस्याओं एवं आवश्यक विकास कार्यों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जन मिलन कार्यक्रमों के पश्चात कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने नैड़ी स्थित पिप्लेश्वर महादेव शिव मंदिर में आयोजित श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिभाग किया तथा पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी

