home page

एक्सेल की रॉड टूटने से बस दुर्घटनाग्रस्त, सभी लोग सुरक्षित

 | 
एक्सेल की रॉड टूटने से बस दुर्घटनाग्रस्त, सभी लोग सुरक्षित


नई टिहरी, 25 नवंबर (हि.स.)। नई टिहरी-चंबा हाईवे पर बुधवार आज सुबह करीब सवा 11 बजे नई टिहरी से हरिद्वार जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चंबा थाना क्षेत्र के भोनाबागी से पहले बटखेम मंदिर के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार उक्त बस का आगे का दायां टायर अचानक जाम हो गया।

बताया जा रहा है कि एक्सेल को टायर से जोड़ने वाली रॉड टूट गई थी। यह भी बताया जा रहा है कि इस हिस्से में हाल ही में वेल्डिंग भी करवाई गई थी। अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सीधे सामने पहाड़ से जा टकराई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी को कोई चोट नहीं आई। बस में करीब 20 यात्री सवार थे।

चंबा के थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि उक्त बस में कुछ तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। गनीमत रही की सभी लोग सुरक्षित हैं। यात्रियों को अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी