बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मुहिम, चौथे दिन घर-घर पहुंची जनसंपर्क पदयात्रा
हल्द्वानी , 18 अगस्त (हि.स.)। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चलाया जा रहा घर-घर जनसंपर्क अभियान मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा। बारिश के बावजूद अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों के कदम नहीं रुके। पदयात्रा के माध्यम से क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर लोगों से संपर्क किया गया और राजस्व गांव की मांग को लेकर चल रही मुहिम के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया और अधिक से अधिक क्षेत्रवासियों को इस जनहित की मुहिम से जोड़ने की अपील की। आयोजकों का कहना है कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा मिलने से क्षेत्र के लोगों को विभिन्न सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद है।आयोजकों ने क्षेत्र के सभी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता घर-घर जनसंपर्क अभियान और पदयात्रा को मजबूती प्रदान करेगी।अभियान में अर्जुन नाथ गोस्वामी, उमेश भट्ट, भुवन भट्ट, बलवंत बिष्ट, खिलाफ सिंह दानू, इंद्र सिंह पनेरी, प्रकाश उत्तराखंडी, भरत नेगी, दीपक जोशी, महेश फूलारा, दीपक पाठक, भगवान धामी, दीपू पाण्डे और राधा दानू समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

