नालियों से घरों में घुसने का लगाया आरोप, जल्द समस्या के हल की उठाई मांग
पौड़ी गढ़वाल, 11 अगस्त (हि.स.)। बरसात के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत आने वाली नालियों के बंद होने से शहर के कई हिस्सों में लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुसने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नालियों की समुचित सफाई और पक्की नालियों के अभाव में हर बरसात लोगों को जलभराव और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद एनएच विभाग की ओर से स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई। सभासद गौरव सागर, शुभम रावत, अरविंद रावत, बृजमोहन नेगी और युद्धवीर रावत ने एनएच के अधिशासी अभियंता के साथ बैठक कर शहर में जलभराव की समस्या पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में बरसात के दौरान बंद होने वाली नालियों, जल निकासी व्यवस्था और पक्की नालियों के निर्माण सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया। साथ ही भविष्य में बारिश के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कार्यों का रोडमैप तैयार किया गया। बैठक में जल संस्थान के अधिकारी भी मौजूद रहे। सभासदों ने कहा कि बरसात के समय जलभराव की समस्या से आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए केवल अस्थायी सफाई के बजाय नालियों की क्षमता बढ़ाने, उन्हें पक्का करने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। सभासदों के अनुसार बैठक के बाद अधिकारियों की ओर से जल्द आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

