home page

सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित हुई भाजपा की मंडल कार्यशाला

 | 
सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित हुई भाजपा की मंडल कार्यशाला


नैनीताल, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, संघर्ष और सुशासन की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर नैनीताल क्लब में शुक्रवार को मंडल कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला का शुभारंभ राज्य मंत्री एवं पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र ढैला ने दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षता भाजपा नैनीताल मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने की। मंडल महामंत्री हरीश राणा और दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा ने संचालन किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री ढैला ने अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से उन्हें प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘आनंद उत्सव’ सहित विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

कार्यशाला में अभियान के लिए संयोजक और सह-संयोजकों की जिम्मेदारियां तय की गईं। विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक एवं प्रभारी, मंडल पदाधिकारी और अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी