हारी सीटों पर जीत की रणनीति, भाजपा ने सौंपी विधानसभा प्रवास की जिम्मेदारी
देहरादून, 07 अगस्त (हि.स.)। विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने हारी हुई सीटों को जीत में बदलने के लिए संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने माइक्रो मैनेजमेंट के तहत कोर कमेटी सदस्यों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और दायित्वधारियों को 23 विधानसभा सीटों में संगठनात्मक प्रवास की जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इन नेताओं को चुनाव तक संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यक्रमों को सफल और व्यवस्थित बनाने का दायित्व दिया है। प्रवास के दौरान नेता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता माइक्रो मैनेजमेंट के माध्यम से संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने और जीत के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को पिरान कलियर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा को पिथौरागढ़, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को लक्सर, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को खानपुर और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को मंगलौर विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भगवानपुर, टिहरी सांसद महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह को यमुनोत्री, नैनीताल सांसद अजय भट्ट को नानकमत्ता, राज्यसभा सांसद डॉ.कल्पना सैनी को ज्वालापुर, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को बाजपुर,धन सिंह रावत को द्वाराहाट और खजान दास को हल्द्वानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा सुबोध उनियाल को प्रतापनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट को अल्मोड़ा, राकेश गिरी को झबरेड़ा, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत को चकराता, कुंदन परिहार को हरिद्वार ग्रामीण, तरुण बंसल को जसपुर, दायित्वधारी सुरेश भट्ट को किच्छा, श्याम नारायण पांडे को लोहाघाट और गणेश भंडारी को धारचूला विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

