home page

राहुल गांधी के बयान के विरोध में अल्मोड़ा में भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने फूंका पुतला

 | 
राहुल गांधी के बयान के विरोध में अल्मोड़ा में भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने फूंका पुतला


अल्मोड़ा, 31 अगस्त (हि.स.)। अल्मोड़ा, 31 अगस्त। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय जनता पार्टी एवं देवभूमि उत्तराखंड को बदनाम करने के प्रयासों के विरोध में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा अल्मोड़ा के कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में राहुल गांधी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके बयानों की कड़ी निंदा की।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में शिकायत भी की और कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन में अनुसूचित मोर्चा के अलावा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष त्रिलोक राम ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय जनता पार्टी और उत्तराखंड की छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मैदान के शुद्धिकरण को लेकर भाजपा पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उक्त शुद्धिकरण से भारतीय जनता पार्टी का कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद राहुल गांधी एवं कांग्रेस द्वारा इसे भाजपा से जोड़कर राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

भाजपा अनुसूचित मोर्चा के सह-संयोजक वीरेंद्र आर्य कुमार ने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे भाजपा और उत्तराखंड की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय पर बयान देने से पहले उसके तथ्यों की जानकारी लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के इस दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते हुए जनता के सामने वास्तविक तथ्य रखेंगे।

इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुधीर कुमार, उपाध्यक्ष रमेश चंद्र, महामंत्री दिशांत पवार, चंदन लाल टम्टा, भगवत आर्या, कोषाध्यक्ष सागर, पार्षद अजीत पवार, गणेश राम, राजेंद्र कुमार, भुवन राम आर्या, बबलू आर्या, ललित कुमार, राहुल आर्या, दर्जधारी गोविंद पिलख्वाल, महामंत्री प्रकाश भट्ट, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, अर्जुन बिष्ट, नीरज सांगा, अशोक सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी