home page

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का नौ सितंबर से उत्तराखंड दौरा, चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

 | 
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का नौ सितंबर से उत्तराखंड दौरा, चुनावी रणनीति पर होगा मंथन


देहरादून, 03 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नौ सितंबर से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति, प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठकों में शामिल होंगे और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर पार्टी नेताओं को मार्गदर्शन देंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष नवीन नौ सितंबर को हल्द्वानी पहुंचेंगे। वह रामपुर रोड स्थित होटल विंटेज ग्रीन में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को नवीन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान से संबंधित बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। नवीन इसी दिन पूर्व सैनिक सम्मेलन और सिख गौरव सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण होगा।

भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ रणनीति तैयार कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के कार्यों के आधार पर पार्टी चुनाव में सफलता हासिल करेगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय