home page

धारकाेट गांव में भालू ने ग्रामीण पर हमला कर किया गंभीर घायल

 | 
धारकाेट गांव में भालू ने ग्रामीण पर हमला कर किया गंभीर घायल


नई टिहरी, 14 सितंबर (हि.स.)। चंबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिलोगी के धारकोट गांव में वीबी-जी राम जी योजना के काम पर जा रहे एक ग्रामीण पर झाड़ियों में घात लगाए बैठे भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य लोगों के हो-हल्ला करने के बाद भालू भाग गया। घायल ग्रामीण को जिला अस्पताल बौराड़ी भर्ती कराया है। भालू के फिर से एक्टिव होने पर क्षेत्र के लोगों ने चिंता जताते हुए वन विभाग से गुहार लगाई है।

सामाजिक कार्यकर्ता गिरीश तिवारी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे ग्राम पचंायत सिलोगी के धारकोट में रोज की तरह गांव के वीरेंद्र तिवारी वीबी-जी राम जी योजना के काम पर जा रहे थे। तभी गांव के पास ही झाड़ियों में घात लगाए बैठे भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने उनके सिर और माथे पर हमला किया। जिससे वह लहूलुहान हो गए। गांव के अन्य लोगों ने हल्ला मचाकर भालू को भगा दिया। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल ने बताया कि उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

ड्रेसिंग और वैक्सीनेशन करने के बाद सर्जरी डिपार्टमेंट में भर्ती कराया है। उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। गांव के प्रधान सत्यपाल गुसाईं ने वन विभाग से गांव में सुरक्षा के उपाय करने की मांग की। वहीं सकलाना रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मदन सिंह रावत ने बताया कि भालू की घटना के बाद गांव में गश्त टीम भेजी है। फॉक्स लाइट लगातार ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने घर के आसपास झाड़ियां काटने और अकेले जंगल न जाने की अपील की है। कहा कि घायल व्यक्ति को नियमानुसार प्रतिकर भुगतान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी