ग्रामीण विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल, स्मार्ट बोर्ड-कंप्यूटर उपलब्ध
नैनीताल, 18 सितंबर (हि.स.)। बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत श्रीकृष्ण हरि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, किशनपुर गांव में स्मार्ट क्लासरूम के लिए स्मार्ट बोर्ड एवं कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराए गए। साथ ही ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) का भी शुभारंभ किया गया।
बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। डिजिटल माध्यम से विद्यार्थी विषयों को अधिक सरल एवं प्रभावी ढंग से समझ सकेंगे तथा उनके कंप्यूटर एवं डिजिटल कौशल का विकास होगा। विद्यालय में वर्तमान में 303 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
इसी अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) का भी शुभारंभ किया। श्री सिंह ने बताया कि आरसेटी के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को 65 से अधिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने और ‘लोकल फॉर वोकल’ के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया। बैंक ने शिक्षा, कौशल विकास एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में अपने सामाजिक दायित्वों के तहत आगे भी कार्य जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में बैंक के महाप्रबंधक एवं बरेली अंचल के प्रमुख प्रतीक अग्निहोत्री एवं आरसेटी निदेशक अतुल कुमार सहित बैंक के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, बरेली अंचल के प्रमुख प्रतीक अग्निहोत्री सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

