महंगाई के खिलाफ हल्द्वानी में महिलाओं का प्रदर्शन
हल्द्वानी , 25 सितंबर (हि.स.),। महंगाई के विरोध में शुक्रवार को प्रगतिशील महिला एकता केंद्र एवं प्रगतिशील भोजनमाता संगठन के बैनर तले महिलाओं ने हल्द्वानी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान “तेल महंगा, चीनी महंगी—कैसे चले जनता की जिंदगी, बढ़ती महंगाई के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें” शीर्षक से पर्चे वितरित कर लोगों से महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की उपाध्यक्ष रजनी ने किया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने मेहनतकश जनता के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। आटा, दाल, चावल, चीनी, खाद्य तेल, सब्जियां, दूध, मसाले, रसोई गैस और सार्वजनिक परिवहन जैसी रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च बढ़ रहा है, जबकि मजदूरों, छोटे किसानों, घरेलू कामगारों, भोजनमाताओं, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित कम आय वाले कामगारों की आमदनी उसी अनुपात में नहीं बढ़ी है।
भोजनमाता संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पा कुड़ई ने कहा कि आम परिवारों के सामने सबसे बड़ा सवाल कम होती आय में बढ़ते खर्च के बीच घर चलाने का है। उन्होंने कहा कि पहले जिस रकम में परिवार सप्ताह भर की सब्जियां और जरूरी सामान खरीद लेता था, अब उसी रकम में कुछ दिनों का सामान खरीदना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने खाद्य तेल सहित कुछ उत्पादों में कीमत बढ़ने के साथ पैकेज की मात्रा कम होने की शिकायतों का भी उल्लेख किया। प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की अध्यक्ष बिंदु ने कहा कि महंगाई का सबसे गहरा असर मजदूर और मेहनतकश परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों की कीमत बढ़ने से परिवारों को अपने भोजन और जरूरतों में कटौती करनी पड़ रही है, जिसका असर बच्चों के पोषण और महिलाओं के जीवन पर भी पड़ रहा है।
अंबेडकर पार्क से एसडीएम कार्यालय तक निकाला जुलूसप्रदर्शन से पहले सभी साथी मंगल पड़ाव स्थित अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। इसके बाद जुलूस बुद्ध पार्क पहुंचा, जहां बढ़ती महंगाई और पूंजीवादी व्यवस्था के विरोध में प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

