मदर्स डे कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने सबका मनमोहा
देहरादून,10 मई (हि.स.)। मदर्स डे के उपलक्ष में पैसिफिक मॉल,देहरादून में आयोजित 'बेबीज़ डे आउट' कार्यक्रम में नन्हे बच्चों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बेबी क्रॉल प्रतियोगिता,टॉडलर हर्डल रेस,टॉडलर रेव एवं माइलस्टोन सर्टिफिकेशन जैसी कई आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं,जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मेहर हॉस्पिटल के सीनियर चाइल्ड पीडियाट्रिक डॉक्टर डॉ. हंस वैश ने किया। इस अवसर पर उनके साथ पैसिफिक मॉल की असिस्टेंट जनरल मैनेजर पैसिफिक मॉल देविका सिंह तिवारी, स्टोरीटेलर अनुभा, अस्पताल की डॉक्टर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
मदर्स डे के विशेष अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे परिवारों के लिए एक यादगार आयोजन बताया। इस अवसर पर डॉ.हंस वैश ने कहा, 'आज के दौर में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियां बेहद आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं बल्कि अभिभावकों और बच्चों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। मदर्स डे के अवसर पर पैसिफिक मॉल द्वारा किया गया यह आयोजन बेहद सराहनीय पहल है।'
कार्यक्रम का आयोजन सुविधा सुपरमार्केट के सहयोग व मेहर हॉस्पिटल की हेल्थ पार्टनरशिप में किया गया। पूरे आयोजन में बड़ी संख्या में परिवारों की सहभागिता देखने को मिली और वातावरण उत्साह व उल्लास से भर गया। सुविधा सुपर मार्केट की ओर से दिए गए सभी उपहार को देखकर बच्चे व माता-पिता काफी खुश हुए दिखे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

