home page

अवतार सिंह हत्याकांड में आरोपित अमन की जमानत पर सुनवाई, पुलिस से जांच रिपोर्ट तलब

 | 
अवतार सिंह हत्याकांड में आरोपित अमन की जमानत पर सुनवाई, पुलिस से जांच रिपोर्ट तलब


नैनीताल, 10 सितंबर (हि.स.)। हल्द्वानी-भवाली मार्ग पर चंदादेवी के पास कार में पत्नी व उसके साथी के द्वारा जिंदा जलाकर मार दिये गये रुद्रपुर के अवतार सिंह हत्याकांड से जुड़े मामले में द्वितीय अपर जिला जज की न्यायालय ने आरोपित अमन की जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को पूर्व में दिए गए निर्देश के अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। मामले में आरोपित की ओर से अधिवक्ता अखिल कुमार साह ने जमानत के लिए पक्ष रखा, जबकि अभियोजन की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता सुशील कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

न्यायालय के आदेश में उल्लेख है कि पूर्व आदेश के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने आरोपित नीलम और मनीष मिश्रा की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए एक जांच दल गठित किया है। न्यायालय ने पुलिस अधीक्षक को इस पहलू की भी जांच कराने को कहा है कि क्या जमानत के लिये गारंटी देने वाली प्रतिमा उर्फ कमला देवी और उनके पिता प्रेम बल्लभ शर्मा ने न्यायालय के समक्ष बंधपत्र की धनराशि 50 हजार रुपये के भुगतान के संबंध में जिला कमांडेंट होमगार्ड्स, नैनीताल के समक्ष मिथ्या शपथपत्र प्रस्तुत किया था। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधि के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में कहा गया है कि इस आदेश की अनुपालन आख्या अभी तक न्यायालय को प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए उसकी प्रति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को पुनः अनुपालन के लिए भेजने तथा मामले को अगली कार्यवाही के लिए 15 अक्टूबर को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण में अवतार सिंह की हत्या से संबंधित गंभीर धाराओं में अभियोग चल रहा है और मामले की जांच एवं साक्ष्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर न्यायालय में सुनवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी