home page

बेस अस्पताल में घायल युवक पर हमले से मचा हड़कंप, पड़ताल तेज

 | 

हल्द्वानी, 18 जुलाई (हि.स.)। हल्द्वानी के बेस अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे घायल युवक पर दोबारा हमला होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि ठंडी सड़क पर मारपीट में घायल युवक के साथ आए साथी पर इमरजेंसी के अंदर हमला कर दिया गया। घटना से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना में अस्पताल स्टाफ और परिजनों में भगदड़ साफ देखने को मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दरअसल हल्द्वानी बेस अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड उस समय रणक्षेत्र में तबदील हो गया। जब यहां मारपीट में घायल युवक पर कई युवकों ने फिर हमला कर दिया। इससे हल्द्वानी के बेस अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार ठंडी सड़क पर हुई मारपीट में घायल युवक को जब इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, तो आरोप है कि हमलावर भी अस्पताल पहुंच गए।

हल्द्वानी सीओ सिटी, अमित कुमार सैनी के अनुसार अस्पताल में दो गुटों के बीच हुई मार पीट की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी