राष्ट्रीय स्तर की टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए बीवीएस टिहरी के अथर्व का चयन
नई टिहरी, 21 नवंबर (हि.स.)। भागीरथी विद्या सरोवर पब्लिक स्कूल (बीवीएस) नई टिहरी के छात्र अथर्व परमार का चयन राष्ट्रीय स्तर की टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह आगामी 9 जनवरी से 13 जनवरी तक मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अथर्व इससे पूर्व भी लगातार 3 वर्षों तक राज्य स्तर पर प्रतिभाग कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। स्कूल की प्रबंधक विनीता बिष्ट, चेयरमैन महेंद्र मल्ल, प्रधानाचार्य लक्ष्मी प्रसाद डंगवाल ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के 12 छात्रों ने विभिन्न राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बताया कि टेबल टेनिस की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल के 8 छात्रों ने हिस्सा लिया। जिसमें अंडर-14 आयु वर्ग में अथर्व परमार और हिमांशु जोशी, अंडर-17 में प्रतीक शुक्ला, पीयूष रावत, अक्षित, शिवानी और वंदना जबकि अंडर-19 में खुशबू रावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके अलावा बैडमिंटन की राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र सुमित लिंगवाल, क्रिकेट में अभिषेक रावत, अक्षत रावत और अर्जुन कठैत का चयन हुआ है। स्कूल की व्यायाम शिक्षिका विनीता नेगी और खिलाड़ियों की मेहनत से यह मुकाम उन्हें हासिल हुआ है। सहित समस्त शिक्षक वर्ग ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

