home page

भाजपा नेता हत्याकांड में एक और गिरफ्तार, पुलिस ने इंटरनेट बंद करने की खबराें काे बताया भ्रामक

 | 
भाजपा नेता हत्याकांड में एक और गिरफ्तार, पुलिस ने इंटरनेट बंद करने की खबराें काे बताया भ्रामक


देहरादून, 15 जून (हि.स.)। जिले के सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता की हत्या के मामले में फरार एक और आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिला पुलिस ने इंटरनेट सेवा बंद करने की बात को भ्रामक बताया है।

पुलिस के अनुसार 13 जून की शाम समुदाय विशेष के लोगों ने अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान भाजपा नेता विनोद कुमार की मौत हो गई। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने पहले चार नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसी क्रम में सहसपुर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपित इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन (58 वर्ष), निवासी लखनवाला, सहसपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

वहीं, देहरादून पुलिस ने सहसपुर और विकासनगर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इंटरनेट बंद किए जाने की गलत सूचना प्रसारित की जा रही है, जिस पर आमजन विश्वास न करें। सत्यापित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।

उन्होंने लोगों से किसी भी वीडियो, फोटो या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने का अनुरोध किया है। साथ ही किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचना फैलाने वालों की लगातार निगरानी की जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल