home page

फर्जी डिग्री रैकेट में एक और गिरफ्तारी, देहरादून से दबोचा गया आरोपित

 | 
फर्जी डिग्री रैकेट में एक और गिरफ्तारी, देहरादून से दबोचा गया आरोपित


पौड़ी गढ़वाल, 28 जुलाई (हि.स.)। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिग्री, अंकतालिकाएं और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पौड़ी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को देहरादून से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी अंकतालिकाएं, कूटरचित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख बरामद किए हैं।

एससपी सर्वेश पंवार ने बताया कि 25 मार्च को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान की शिकायत पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कासिफ कलीम व उसके सहयोगियों ने विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, डिग्री प्रारूपों, विश्वविद्यालयीय मोहरों और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर नकली शैक्षणिक दस्तावेज तैयार किए और उन्हें असली बताकर विभिन्न स्थानों पर उपयोग किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पहले नामजद आरोपी कासिफ कलीम को गिरफ्तार किया जा चुका है। विवेचना आगे बढ़ने पर देवांश पाण्डेय की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे देहरादून के रायपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान देवांश पाण्डेय (20 वर्ष) पुत्र वीरेन्द्र पाण्डेय, निवासी करनपुर, डालनवाला (देहरादून), हाल निवासी रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपित से बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही इस फर्जी डिग्री सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका और पूरे नेटवर्क का भी गहनता से परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह