home page

डीएसबी परिसर में ‘टोबा टेक सिंह’ का प्रभावशाली मंचन, दर्शक भाव-विभोर

 | 
डीएसबी परिसर में ‘टोबा टेक सिंह’ का प्रभावशाली मंचन, दर्शक भाव-विभोर


नैनीताल, 05 मई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित एएन सिंह हॉल में मंगलवार को अंग्रेजी विभाग के सीसीए क्लब द्वारा प्रसिद्ध साहित्यकार सआदत हसन मंटो की कहानी ‘टोबा टेक सिंह’ पर आधारित नाटक का सशक्त मंचन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ तथा संचालन डॉ. दीपिका पंत ने किया। विभागाध्यक्ष प्रो. एलएम जोशी के स्वागत उद्बोधन के बाद एमए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा गुंजिता पंत ने काव्य पाठ प्रस्तुत कर वातावरण को संवेदनशील बना दिया।

गुंजिता पंत द्वारा रूपांतरित नाटक ने भारत विभाजन की त्रासदी, विस्थापन की पीड़ा और मानवीय पहचान के संकट को अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों के प्रभावी अभिनय, सटीक मंच सज्जा और निर्देशन ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। मुख्य अतिथि के रूप में वर्ष 2023 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित सुप्रसिद्ध रंग निर्देशक जहूर आलम उपस्थित रहे और विशिष्ट अतिथियों में मिथिलेश पांडेय एवं अमिताभ बघेल मौजूद रहे।

नाटक में हर्षवर्धन पंत (बिशन सिंह), सुहानी जोशी (मंटो), काजल जलाल, सरिता चंद्रा, मनकरण, प्रिंस दुगतल, भावेश विश्वकर्मा, वान्या रावत, अनुष्का पुरी, कुमार पार्थ, निश्चय रौतेला, अचिंत मान, दिव्यांश चंद्र एवं देवांशी ने प्रभावशाली अभिनय किया। मंच सज्जा में खुशी उप्रेती, आस्था पांडेय, सृष्टि गोस्वामी, कोरस में नकुल बिष्ट तथा मेकअप में विदुषी गुरुरानी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी