home page

एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर डीएम ने ली अधिकारियों संग बैठक

 | 
एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर डीएम ने ली अधिकारियों संग बैठक


हरिद्वार, 15 मार्च (हि.स.)। जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति एवं उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसको लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज आपदा कंट्रोल रूम में संबंधित अधिकारियों एवं गैस एजेंसियों के विक्रय अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में गैस आपूर्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कमी नहीं है। सभी एजेंसियों में सभी उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सिस्टम से भी अब एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग की जा रही हैं तथा वर्तमान समय में स्थिति सामान्य है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की गैस एजेंसियों में जो लाइन लग रही है, उसमें से अधिकांश उपभोक्ताओं द्वारा केवाईसी नहीं कराई गयी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं द्वारा जो भी गैस की बुकिंग की जा रही है, उन्हें होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाए, जिससे कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी में अनावश्यक रूप से लाइन में न लगना पड़े।

उन्होंने निर्देश दिए कि एलपीजी गैस सिलेंडर की किसी भी तरह से कोई अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग न हो यदि कोई भी एजेंसी एवं व्यक्ति ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने जिन उपभोक्ताओं द्वारा केवाईसी नहीं की गई है, उनके केवाईसी के लिए अलग काउंटर खोलने के सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए। सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि जनपद के चिकित्सालयों, शिक्षण संस्थानों एवं आश्रमों में प्राथमिकता से एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारी, नोडल अधिकारियों को समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति के संबंध में भी संयम बरतने को कहा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान,पुलिस अधीक्षक क्राइम निशा यादव, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी मीरा रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, डीएनओ मयंक कुमार,गैस एजेंसी के विक्रय अधिकारी अश्वनी कुमार, सुनील सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला