चारधाम यात्रा की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा
हरिद्वार, 01 अप्रैल (हि.स.)। 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा मुख्यमंत्री की विशेष प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए यात्रा के लिए की जा रही सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त और प्रभावी होनी चाहिए। उन्होंने ऋषिकुल मैदान में बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र में विद्युत, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त पंजीकरण काउंटर संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और महिलाओं की सुविधा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में नगर निगम को साफ-सफाई और शौचालयों की बेहतर व्यवस्था, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस, ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के साथ ही पूर्ति विभाग को डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र और अन्य प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर जल पुलिस की तैनाती और सुरक्षा चेन लगाने के निर्देश भी दिए। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र में 20 पंजीकरण काउंटर बनाए जा रहे हैं, जिनके संचालन के लिए 70 कार्मिकों को तैनात किया जाएगा और उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से 10 लाख 75 हजार 117 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

