चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में 1 अप्रैल से वृहद स्वच्छता अभियान, 37 विभागों के नोडल अधिकारी नामित
हरिद्वार, 31 मार्च (हि.स.)। चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत जनपद हरिद्वार में 1 अप्रैल से वृहद स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें 37 विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है और हरिद्वार इस यात्रा का प्रवेश द्वार है। ऐसे में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग से व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाएं। अभियान के तहत नगर निगम, नगर पालिकाओं, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख सड़कों, वन क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, चिकित्सालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, औद्योगिक क्षेत्रों और सभी शैक्षणिक संस्थानों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा से पहले सभी प्रमुख हाईवे, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी निजी विद्यालयों को अभियान से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित की जाए, ताकि स्वच्छता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों, संगठनों और आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दयानी, सहायक परियोजना निदेशक नलिनींत घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डी.के. चंद बैठक में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

