home page

अफवाहों से बचें, वेतन बढ़ोतरी को लेकर कोई नया आदेश नहीं: उप श्रमायुक्त

 | 
अफवाहों से बचें, वेतन बढ़ोतरी को लेकर कोई नया आदेश नहीं: उप श्रमायुक्त


हरिद्वार, 15 मई (हि.स.)। उप श्रमायुक्त विपिन कुमार ने जनपद हरिद्वार के सभी श्रमिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन बढ़ाने संबंधी अभी तक कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में नॉन इंजीनियरिंग उद्योगों जैसे फार्मा कंपनियों और फूड कंपनियों में अकुशल श्रमिकों का कुल वेतन 13,018 रुपये निर्धारित है। पीएफ और ईएसआई कटौती के बाद श्रमिकों को लगभग 11,358 रुपये प्राप्त होते हैं। वहीं इंजीनियरिंग उद्योगों जैसे बाइक और वाहन निर्माण कंपनियों में वेतन 13,800 रुपये है।

उप श्रमायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया पर वेतन बढ़ोतरी से संबंधित कुछ फोटो और संदेश वायरल हो रहे हैं, जिससे श्रमिकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में केंद्र सरकार कोई नया आदेश जारी करती है और राज्य सरकार उसे लागू करती है, तो कंपनियों में भी उसे तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाएगा। फिलहाल वर्तमान वेतनमान ही लागू है।

उन्होंने श्रमिकों से किसी भी प्रकार के बहकावे में न आने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को वेतन, ओवरटाइम, बोनस, एरियर या अन्य किसी समस्या को लेकर शिकायत है, तो वे रोशनाबाद स्थित श्रम विभाग कार्यालय में लिखित या मौखिक रूप से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत के लिए अधिकतम पांच श्रमिक प्रतिनिधि कार्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।

उप श्रमायुक्त ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि श्रम विभाग सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका समाधान करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला