home page

नैनीताल में गांधी प्रतिमा पर चढ़कर खिंचवाई जा रहीं सेल्फी, तस्वीरें वायरल

 | 
नैनीताल में गांधी प्रतिमा पर चढ़कर खिंचवाई जा रहीं सेल्फी, तस्वीरें वायरल


नैनीताल, 29 जून (हि.स.)। तल्लीताल डांठ क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर चढ़कर पर्यटकों द्वारा राष्ट्रपिता की गरिमा के प्रतिकूल सेल्फी और फोटो खिंचवाए जा रहे हैं। ऐसे कुछ फोटो व वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तल्लीताल डांठ के सौंदर्यीकरण के बाद अगस्त 2025 में यहां स्थापित पुरानी गांधी प्रतिमा को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया गया था। बाद में डांठ के मध्य चरखा कातते हुए महात्मा गांधी की नई प्रतिमा स्थापित की गई, जबकि पुरानी प्रतिमा का पुनः रंग-रोगन कर अक्टूबर 2025 में डांठ के पास ही अन्य स्थान पर स्थापित कर दिया गया।

वर्तमान में इस क्षेत्र में महात्मा गांधी की दो प्रतिमाएं स्थापित हैं। नई प्रतिमा के साथ गांधी जी के तीन बंदरों की मूर्तियां भी लगाई गई हैं, जिससे यह स्थान पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिनमें पर्यटक गांधी प्रतिमा पर चढ़कर तथा जूते पहनकर प्रतिमा के गले में हाथ डालकर फोटो और सेल्फी लेते दिखाई दिए। तस्वीरों के वायरल होने के बाद अनेक लोगों ने इसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा की गरिमा के प्रतिकूल बताते हुए नाराजगी व्यक्त की।

मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक स्थलों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही पर्यटकों से भी अपील की गई है कि वे प्रतिमाओं पर चढ़कर फोटो खिंचवाने जैसी गतिविधियों से बचें और सार्वजनिक संपत्तियों का सम्मान करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी