home page

एडीएम नेगी ने किया नागटिब्बा मंदिर और पैदल ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण

 | 
एडीएम नेगी ने किया नागटिब्बा मंदिर और पैदल ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण


नई टिहरी, 07 सितंबर (हि.स.)। एडीएम शैलेंद्र नेगी ने नैनबाग क्षेत्रांतर्गत नागटिब्बा मंदिर और ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ पैदल यात्रा कर ट्रैक व आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ग्रामीणों ने पंतवाड़ी-पवेद ग्रामीण मोटर जर्जर मार्ग को ठीक करने की मांग की।

वहीं नागटिब्बा मंदिर तक करीब 5 किलोमीटर सड़क मार्ग निर्माण, पैदल ट्रैक के सुधारीकरण, मार्ग पर संकेतक लगाने, कूड़ेदान स्थापित करने और पेयजल की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। बीते दिवस एडीएम नेगी ने नागटिब्बा क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्था परखी। उन्होंने पंतवाड़ी-पवेद ग्रामीण मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के संबंध में पीएमजीएसवाई को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पैदल ट्रैक पर आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है। बताया गया कि वन विभाग भद्रीगाड़ रेंज ने नागटिब्बा मार्ग पर गेट का निर्माण किया गया है, जहां आने वाले पर्यटकों का रिकॉर्ड भी रखा जाता है। एडीएम ने अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा, स्वच्छता एवं मार्ग की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कहा नागटिब्बा क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी केंद्र है। नागटिब्बा का पैदल ट्रैक घने जंगलों, प्राकृतिक हरियाली और शांत वातावरण से होकर गुजरता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी