home page

नियमों की अवहेलना पर होम स्टे पर फिर कार्रवाई, भीमताल में तीन पर 10-10 हजार का जुर्माना

 | 
नियमों की अवहेलना पर होम स्टे पर फिर कार्रवाई, भीमताल में तीन पर 10-10 हजार का जुर्माना


नैनीताल, 18 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जनपद में नियमों की अवहेलना पर होम स्टे पर फिर कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के भीमताल क्षेत्र में पर्यटन विभाग की ओर से मंगलवार को 16 होम स्टे इकाइयों का भौतिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिना पंजीकरण अथवा स्वीकृत क्षमता से अधिक कक्ष संचालित करने पर तीन इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है, जबकि सात इकाइयों को नियमों का पालन करने के लिए तीन दिन का समय देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या के नेतृत्व में हुई विभागीय कार्रवाई में पाई पैलेस, लेक माउंट और रोज मैरी होम स्टे पर चालान की कार्रवाई की गई है। जबकि सरोज कुमार दुरेजा, श्याम नारायण गुप्ता, हिमानी जोशी, ममता जोशी, अथर खान, अशुभन मोहता और विंटेज बरेका होम स्टे को नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण में राघवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह घुघ्याल, तरुणेंदु शेखर, बुरांश होम स्टे और प्रेम दीप विला होम स्टे नियमों के अनुरूप पाए गए, जबकि भीमताल इन होम स्टे बंद मिला। पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना पंजीकरण अथवा नियमों के विपरीत संचालित होम स्टे इकाइयों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी