home page

ट्रक की टक्कर से दो मजदूर युवकों की मौत

 | 

हरिद्वार, 15 मई (हि.स.)। जिले के झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर साबतवाली गांव के गेट के पास गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइकसवाराें को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में बाइकसवार दाे मजदूराें की माैत हाे गई।

बताया गया कि बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव निवासी गौरव (22) पुत्र रोशन और रितिक (21) पुत्र माधव दोनों मजदूरी का काम करते थे और गुरुवार देर शाम झबरेड़ां से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। तभी साबतवाली गांव के गेट के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक काे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम थाना झबरेड़ा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विजय सिंह के मुताबिक मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला