home page

सप्तऋर्षि घाट पर गंगा में फंसे 15 लोग, रेस्क्यू

 | 
सप्तऋर्षि घाट पर गंगा में फंसे 15 लोग, रेस्क्यू


हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। सप्तऋर्षि घाट पर गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से फंसे 15 लोगों को आपदा प्रबंधन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बचा लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के अनुसार, सुबह करीब 10.40 बजे कॉलर प्रतीक चतुर्वेदी द्वारा आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि सप्तर्षि घाट पर जलस्तर बढ़ने के कारण 15 लोग बीच धारा में फंस गए हैं।

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल उच्चाधिकारियों के निर्देशन में जल पुलिस, पीएसी और फ्लड कंपनी को मौके पर रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तेजी से अभियान चलाया और सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस बचाव अभियान में जल पुलिस, पीएसी, फ्लड कंपनी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत की सांस ली गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सतर्कता बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला