फैक्टरी में आग लगने से लाखों का नुकसान
हरिद्वार, 15 मार्च (हि.स.)। बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की कई गाडि़याें ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा
रहा है।
जानकारी के अनुसार बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एचपीएम इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड नामक फैक्टरी में पंखों से जुडे उपकरणों का निर्माण किया जाता है। शनिवार की देर रात फैक्टरी परिसर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल और पुलिस को दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्टरी से उठती लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाडि़यां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। रानीपुर पुलिस चौकी की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कई घंटों की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया।
बताया गया कि आग से फैक्टरी परिसर में रखा कच्चा माल, मशीनरी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे कंपनी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के समय फैक्टरी में ज्यादा कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

