करंट के जाल में फंसी नीलगाय की मौत
हरिद्वार, 27 फ़रवरी (हि.स.)। लक्सर के तिलकपुरी गांव के पास खेत की मेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक नीलगाय मृत पाई गई। प्रथम दृष्टया मामला खेत के किनारे बंधी करंट दौड़ रही लोहे की तार की चपेट में आने का बताया जा रहा है। घटना के बाद वन विभाग हरकत में आ गया और जांच शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार सुबह गांव का एक किसान खेतों की ओर गया तो मेड़ पर नीलगाय का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही लक्सर रेंज अधिकारी महेंद्र गिरी,वन दरोगा रामनाथ, वन आरक्षी सुमित सैनी, कविंद्र सैनी और रोहित टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए कुछ किसान खेतों के चारों ओर लोहे की तार बांध देते हैं। आशंका जताई जा रही है कि ऐसी ही करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से नीलगाय की मौत हुई।
वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि मामला गंभीर है। प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की संभावना है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

