कोट सीएचसी में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर, 556 मरीजों ने ली विशेषज्ञ सेवाएं
पौड़ी गढ़वाल, 24 जुलाई (हि.स.)।स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत 22 से 24 जुलाई तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोट में आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर में 556 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
शिविर में एक्स-रे, रक्त जांच, टीबी स्क्रीनिंग, मधुमेह व उच्च रक्तचाप की जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
आंकड़ों के अनुसार, जनरल फिजिशियन ने 193, हड्डी रोग विशेषज्ञ ने 56, स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 27, नेत्र रोग विशेषज्ञ ने 34 और दंत रोग विशेषज्ञ ने 48 मरीजों का परीक्षण किया। इसके अलावा 85 लोगों की रक्त जांच, 132 लोगों के टीबी एक्स-रे किए गए तथा तीन दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए गए।
शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उपेंद्र पंवार, जिला चिकित्सालय पौड़ी की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका बिष्ट, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अगमकांत, डॉ. सोनाली जोशी, एलटी राजदीप, मनीषा रावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

