home page

वन्य प्राणी सप्ताह पर मैराथन दौड़ में 400 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

 | 
वन्य प्राणी सप्ताह पर मैराथन दौड़ में 400 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा


नैनीताल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। वन्य प्राणी सप्ताह 2026 के तीसरे दिन रविवार को प्राणी उद्यान, नैनीताल की ओर से मैराथन दौड़ और नाटक मंचन प्रतियोगिता आयोजित की गई।

मैराथन के स्कूली वर्ग की छात्र श्रेणी में सोलित कुमार ने पहला, कृष्णा सिंह बिष्ट ने दूसरा और तुषार जोशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में अक्षिता महर प्रथम, आरती आर्या द्वितीय और निशा अधिकारी तृतीय रहीं। ओपन पुरुष वर्ग में लोकेश कुमार प्रथम, दिनेश चंद्र द्वितीय और अमन बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में साधना सिंह ने पहला, खुशी गोस्वामी ने दूसरा और उषा थुवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इससे पूर्व प्राणी उद्यान के निदेशक- नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में आयोजित मैराथन का शुभारंभ उप निदेशक स्वाति और पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें करीब 400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन दो वर्गों में आयोजित हुई।

स्कूली वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ मल्लीताल के बैंड स्टैंड से ठंडी सड़क होते हुए फांसी गधेरा, तल्लीताल तक और वहां से वापस बैंड स्टैंड तक हुई। वहीं, ओपन वर्ग की 12 किलोमीटर दौड़ बैंड स्टैंड से माल रोड होते हुए पाइंस तक और वहां से वापस बैंड स्टैंड तक आयोजित की गई।

समापन अवसर पर उप निदेशक स्वाति ने मैराथन के आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों, पुलिस प्रशासन, चिकित्सा विभाग तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का प्राणी उद्यान परिवार की ओर से आभार जताया। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। कार्यक्रम का संचालन नवीन पांडे ने किया।

दूसरे सत्र में वन्य प्राणी सप्ताह की थीम ‘कनेक्टिंग हैबिटैट्स, थ्राइविंग वाइल्डलाइफ’ पर नाटक मंचन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के कुल 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डीएसबी परिसर के संगीत विभाग की अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. संध्या शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन हिमालयन बोटैनिकल गार्डन, नारायणनगर की वनस्पतिशास्त्री डॉ. रजनी रावत ने किया।

वन्य प्राणी सप्ताह के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज पहाड़पानी, राजकीय इंटर कॉलेज खनस्यू और राजकीय प्राथमिक पाठशाला खनस्यू के कुल 50 विद्यार्थियों को प्राणी उद्यान, नैनीताल का निःशुल्क भ्रमण भी कराया गया।

कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, वन आरक्षी पवन कुमार और नीरज कुमार, फार्मासिस्ट विक्रम सिंह मेहरा, सिस्टम एनालिस्ट आनंद सिंह, जीव विज्ञानी अनुज कांडपाल सहित प्राणी उद्यान, नगरपालिका वन क्षेत्र और नैना वन क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी