वरिष्ठ नागरिक जागेश्वर धाम के यात्रा के लिए रवाना
नई टिहरी, 21 नवंबर (हि.स.)। दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत पर्यटन विभाग की ओर से शनिवार को प्रतापनगर ब्लॉक की उपली रमोली पट्टी के ग्राम ग्राम पंचायत सेम-मुखेम, मुखमाल गांव, दीनगांव और पोखरी से 20 महिला, 10 पुरुष कुल 30 वरिष्ठ नागरिकों के दल को जागेश्वर धाम की तीर्थयात्रा के लिए रवाना किया गया।
मुखमाल गांव की बीडीसी सदस्य नीलम राणा, राजेश पोखरियाल, भूपेंद्र सेमवाल और ग्राम प्रधान सोमपाल सिंह आदि जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों के दल को रवाना किया। जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि योजना के तहत इस वर्ष अब तक 215 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को गंगोलीहाट, जागेश्वर धाम, बद्रीनाथ धाम सहित अन्य चयनित तीर्थस्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थाटन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

