रामगढ़ के झुतिया गांव में एक साथ तीन गुलदार दिखे, ग्रामीणों में दहशत
नैनीताल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद के रामगढ़ विकासखंड के झुतिया गांव में एक साथ तीन गुलदार दिखने से पूरे क्षेत्र में दहशत व्याप्त हाे गई है। गुलदारों की आवाजाही की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी गई और जंगल में घास व लकड़ी लेने गई महिलाओं को तुरंत फोन कर वापस बुलाया गया।
ग्रामीणों ने गुलदारों का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसके बाद आसपास के गांवों में भी लोग सतर्क हो गए हैं। लगातार हो रही वन्यजीवों की आवाजाही से क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ है। गांववासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पिंजरे लगाने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
ग्रामीण देवेंद्र मेहरा ने बताया कि जैसे ही गांव के पास तीन गुलदार देखे गए, तत्काल महिलाओं को सचेत किया गया। सूचना मिलते ही महिलाएं जंगल से सुरक्षित घर लौट आईं। एहतियात के तौर पर बच्चों को घरों के भीतर रहने की हिदायत दी गई है और लोगों से शाम ढलने पर घरों के दरवाजे बंद करने को कहा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल लोगों ने समूह में ही जंगल जाने का निर्णय लिया है और बच्चों व महिलाओं को अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

