home page

कुमाऊं में 2,516 वारंटियों की गिरफ्तारी, नशा तस्करी के 554 अभियोग दर्ज

 | 
कुमाऊं में 2,516 वारंटियों की गिरफ्तारी, नशा तस्करी के 554 अभियोग दर्ज


नैनीताल, 21 नवंबर (हि.स.)। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने शनिवार को कुमाऊं परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की। इसमें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित अभियोगों एवं विवेचनाओं, साइबर अपराध और नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा की गई। आईजी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए सक्रियता, जवाबदेही तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिये।

इस दौरान उन्होंने बताया कि कुमाऊं परिक्षेत्र के छह जनपदों में वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें ऊधमसिंह नगर में 1,583, नैनीताल में 537, पिथौरागढ़ में 206, चम्पावत में 89, अल्मोड़ा में 65 और बागेश्वर में 36 गिरफ्तारियां शामिल हैं। आईजी ने वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिये।

साथ ही उन्होंने बताया कि परिक्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई के तहत वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 554 अभियोग दर्ज कर 726 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां और कैप्सूल, 2,455 नशीले इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप तथा 0.232 किलोग्राम डक्ड। बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों का कुल मूल्य 34.61 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है।

आईजी ने तस्करों के नेटवर्क पर निगरानी रखने, उनके विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने और नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया।

गोष्ठी में नवीन आपराधिक कानूनों और उनके के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए आरोप पत्र एवं अंतिम रिपोर्ट निर्धारित समयसीमा में दाखिल करने, इसके साथ ही विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर लंबित कार्यवाहियों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

साइबर अपराधों के मामलों में पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने, ठगी की धनराशि समय रहते फ्रीज कराने और पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिये गये।

इसके अतिरिक्त आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत सभी जनपद प्रभारियों को संबंधित विभागों से समन्वय कर मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने तथा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिये गये है। चुनाव को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने और शस्त्र लाइसेंस धारकों के शस्त्र समयबद्ध रूप से जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

शीतकालीन मौसम में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी और पुलिस पेट्रोलिंग प्रभावी बनाने के निर्देश दिये गये। वहीं विवाह समारोहों के सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित कराने को कहा गया।

आईजी ने थानों में लंबे समय से लंबित वाहनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने, लंबित विवेचनाओं और जांच संबंधी प्रकरणों में तेजी लाने तथा पुलिस मुख्यालय एवं परिक्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी