home page

बिना नंबर और फोल्डिंग नंबर प्लेट वाली 20 बाइकें सीज, पुलिस का अभियान जारी

 | 
बिना नंबर और फोल्डिंग नंबर प्लेट वाली 20 बाइकें सीज, पुलिस का अभियान जारी


नैनीताल, 05 जुलाई (हि.स.)। बिना नंबर प्लेट और फोल्डिंग नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अब तक ऐसे 20 दोपहिया वाहनों को सीज कर चुकी है।

तल्लीताल कोतवाली प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट अथवा फोल्डिंग नंबर प्लेट वाले वाहनों का उपयोग अपराध के बाद पहचान छिपाने के लिए भी किया जा सकता है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में चेकिंग के दौरान एक युवक बिना पीछे की नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल चलाते हुए मिला। पूछताछ में उसकी पहचान पंतनगर निवासी प्रियांशु डिमरी के रूप में हुई। जांच में मोटरसाइकिल के पीछे नंबर प्लेट नहीं मिलने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन को सीज कर दिया। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाकर ही वाहन चलाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी