नैनीताल में 13वीं अंतरविद्यालयी शतरंज चैंपियनशिप शुरू, 140 विद्यार्थी ले रहे भाग
नैनीताल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। पर्वतीय सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित 13वीं अंतरविद्यालयी शतरंज चैंपियनशिप का रविवार को मल्लीताल स्थित गोवर्धन हॉल में शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता में नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के शेरवुड कॉलेज, लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल, सेंट जॉर्ज स्कूल, बिड़ला विद्या मंदिर, सनवाल स्कूल, सैनिक स्कूल, जीडी गोयनका नौकुचियाताल, लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल, रामा मोंटेसरी स्कूल, सेंट सैंट्स नैनीताल, सेंट मेरी और भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के लगभग 140 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष ईश्वर तिवारी ने बताया कि रविवार दोपहर भोजनावकाश तक प्रतियोगिता के तीन राउंड पूरे हो चुके थे। अंडर-9 वर्ग में अद्रिजा पांडे, अंडर-11 वर्ग में आचित्य उपाध्याय और रिभ्या जोशी, अंडर-13 वर्ग में रुचिर बिष्ट, राघव तिवारी, शुभांशु दत्ता और कुशाग्र सिंह, अंडर-15 वर्ग में अभिराज ढैला और दिव्यांश चंदोला और अंडर-18 वर्ग में अर्जुन सिंह, आयुष गर्ग, निखिल सिंह और श्रद्धांश गंगवार आगे चल रहे हैं।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शेर सिंह बिष्ट, दिव्यांशु तिवारी, तोषित तिवारी, विश्व केतु वैद्य, मोहम्मद बिलाल, मुकेश बच्चन और मोहम्मद मतलूब निभा रहे हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर हाईकोर्ट के अधिवक्ता डीके जोशी, मनोज बिष्ट ‘गुड्डू’, विभिन्न विद्यालयों के शतरंज प्रशिक्षक-विक्रम रावत, अमित कुमार, मोहम्मद वसीम, भूपेंद्र, मयंक रावत और संदीप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

