120 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार
हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए गश्त पर थे। इस दौरान बसेड़ी अड्डे से सेठपुर रोड की ओर जाते समय ईंट भट्टे के पास एक युवक काले रंग की स्कूटी के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम बोबी कुमार (25 वर्ष) पुत्र ओमबीर सिंह निवासी ग्राम सेठपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जिला हरिद्वार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 पत्तों में रखे कुल 120 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पुलिस यह पता कर रही है कि आरोपी प्रतिबंधित कैप्सूल कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

