101 नशीले कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार
हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सिड़कुल पुलिस ने 101 नशीले कैप्सूल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में कथित मेडिकल स्टोर संचालक की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सिड़कुल पुलिस ने ब्रह्मपुरी रावली महदूद स्थित महादेव मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। इस दौरान सागर नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 101 नशीले कैप्सूल (स्पास्मो ट्रामाडोल) बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद कैप्सूल बिना वैध अनुमति के रखे गए थे। पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे मेडिकल स्टोर स्वामी की तलाश कर रही है। पुलिस का मानना है कि मामले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।
इस संबंध में सिड़कुल में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सागर पुत्र शिवकुमार (20 वर्ष) निवासी ग्राम बरसी, थाना तितरो, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद, थाना सिड़कुल, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

