‘स्कूल से सड़क तक हरियाली’अभियान से मसूरी को सुंदर बनाने की पहल
मसूरी, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिला प्रशासन ने पर्यटन नगरी मसूरी को अधिक सुंदर, व्यवस्थित और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने के उद्देश्य से 'स्कूल से सड़क तक हरियाली' अभियान शुरू करने की तैयारी की है। इस संबंध में शुक्रवार काे एसडीएम राहुल आनंद की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय में शहर के विभिन्न अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में एसडीएम ने स्कूल प्रबंधन से अपील की कि जिस तरह वे अपने परिसरों को स्वच्छ और हरा-भरा रखते हैं, उसी प्रकार स्कूल के बाहर की सड़कों, दीवारों और आसपास के क्षेत्रों को भी विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि झड़ीपानी से हाथीपांव और टिहरी बस अड्डा क्षेत्र तक यदि यह पहल लागू होती है तो यह पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन सकती है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत आगामी विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से करने की योजना है। इसके तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा और स्कूलों की बाहरी दीवारों पर पेंटिंग,म्यूरल्स और आर्टवर्क तैयार किए जाएंगे।
एसडीएम ने यह भी कहा कि नगर पालिका के नए ट्रैफिक प्लान के तहत कई सड़कों को वन-वे बनाने की तैयारी है। ऐसे में हरे-भरे और सुसज्जित मार्ग शहर की छवि को बेहतर बनाएंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह प्रारंभिक बैठक थी,जिसमें स्कूलों से सुझाव लिए गए। अगले 15 दिनों में एक और बैठक आयोजित कर योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
मसूरी होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी ने पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शहर की छवि में सकारात्मक बदलाव आएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि बरसात से पहले पौधारोपण पूरा कर लिया जाए, ताकि आने वाले समय में मसूरी हरियाली और फूलों से आच्छादित नजर आए।
इस मौके पर संजय अग्रवाल, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन, रजत अग्रवाल, अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मसूरी, गौरव भसीन, अधिशासी अधिकारी मसूरी, अनिरुद्ध चौधरी, कर अधीक्षक मसूरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

