home page

हरिद्वार में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा अभियान, 100 से अधिक अवैध कब्जे हटाए

 | 
हरिद्वार में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा अभियान, 100 से अधिक अवैध कब्जे हटाए


हरिद्वार, 04 जून (हि.स.)। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, फुटपाथ, नालियों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निकायों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) से अपर रोड तक तथा उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा के नेतृत्व में भीमगोड़ा बैरियर से जयराम आश्रम होते हुए सुखी नदी तक नगर निगम, पुलिस, जिला प्रशासन, एसएसबी और सेना की निगरानी में अभियान चलाया गया। इस दौरान नालियों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए तथा नालियों के ऊपर बने खोखों और ढाबों को ध्वस्त किया गया।

प्रशासन के अनुसार दोनों टीमों ने मिलकर 100 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान सिटी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, उप नगर आयुक्त महेंद्र यादव, सफाई निरीक्षक धीरेन्द्र सेमवाल, श्रीकांत, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मनोज कुमार, हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी, एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट सहित नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

मंगलौर में 10 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई

संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के अनुसार मंगलौर क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर दायरे में सड़क, नालों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित रेहड़ी, ठेली और खोखे भी हटाए गए। प्रशासन ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

सुल्तानपुर बाजार में 50 से अधिक अतिक्रमण हटे

लक्सर के सुल्तानपुर बाजार क्षेत्र में उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। अभियान में 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए तथा 16 लोगों के चालान भी किए गए। इस दौरान तहसीलदार दीवान सिंह राणा सहित प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

भगवानपुर में गागलहेड़ी रोड पर चला अभियान

भगवानपुर तहसील क्षेत्र में तहसीलदार दयाराम के नेतृत्व में गागलहेड़ी रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सड़क, नालियों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए तथा लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला